भारत का चंद्रयान 3 आज चंद्रमा की सतह को चूमेगा. आज शाम छह बजकर चार मिनट पर चंद्रयान 3 की साॅफ्ट लैंडिंग होगी. इसके बाद लैंडर विक्रम इसरो के वैज्ञानिकों के लिए चंद्रमा की जानकारी भेजना शुरू करेगा.

चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर उतरने वाला भारत पहला देश बनेगा. भारत का यह चंद्र मिशन बहुत ही महत्वपूर्ण है, क्योंकि अगर यह सफल रहा तो चंद्रमा से जुड़ी कई रहस्यमयी जानकारियां हमारे सामने आएंगी.

चंद्रयान 3 की सफलता के लिए देश भर में दुआएं की जा रही हैं. मंदिरों में पूजा -पाठ हो रही है और हर भारतीय का सीना चौड़ा है. वे सब भारतीय वैज्ञानिकों को शुभकामनाएं दे रहे हैं और उनकी इस उपलब्धि पर गौरवान्वित हैं.

पूजा-पाठ में बच्चे भी शामिल हैं. देश के कई इलाकों में इस मौके पर विशेष पूजा हुई और शंखनाद भी किया गया.

योग गुरु बाबा रामदेव ने भी इस मौके पर हरिद्वार स्थित अपने आश्रम में पूजा और यज्ञ का आयोजन किया और चंद्रयान 3 की सफलता की कामना की.

राजस्थान के अजमेर शरीफ दरगाह में भी इस मौके पर विशेष नमाज अदा की गयी.

सिंगापुर हाई कमिशनर ने भी चंद्रयान 3 की सफलता के लिए प्रार्थना की और शुभकामनाएं दीं

चंद्रयान 3 की सफलता के लिए सैंड आर्टिस्ट सुदर्शन पटनायक ने पुरी में सैंड आर्ट भी बनाया और मिशन की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं.
