Aaj Ka Mausam: दक्षिणी-पश्चिमी मानसून की राजस्थान से वापसी शुरू हो गई है. बंगाल की खाड़ी में एक लो प्रेशर एरिया बन रहा है, जिसका असर झारखंड के मौसम पर भी देखने को मिलेगा. मौसम विभाग ने यह जानकारी दी है. कहा है कि झारखंड के 17 जिलों में भारी बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी कर दिया है.

ओडिशा के तट पर लो प्रेशर एरिया

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के रांची स्थित मौसम केंद्र के प्रमुख अभिषेक आनंद ने प्रभात खबर (prabhatkhabar.com) को बताया कि पश्चिममध्य और उससे सटे पश्चिमोत्तर बंगाल की खाड़ी में उत्तरी आंध्रप्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तट पर एक निम्न दबाव का क्षेत्र (Low Pressure Area) बना है, जिसका असर झारखंड में देखा जाएगा.

बंगाल की खाड़ी से झारखंड में आ रही नमी

मौसम वैज्ञानिक ने कहा कि लो प्रेशर के असर से बंगाल की खाड़ी से नमी झारखंड की ओर आ रही है. इसके असर से झारखंड के अधिकतर हिस्सों में बारिश देखने को मिलेगी. हालांकि, बहुत ज्यादा बारिश नहीं होगी. उन्होंने बताया कि दक्षिणी-पश्चिमी मानसून की फिरोजपुर, सिरसा, चुरु, अजमेर, माउंट आबू, दौसा, सुंदरनगर और जूनागढ़ से वापसी हो रही है.

झारखंड के 17 जिलों में भारी वर्षा की चेतावनी

मौसम वैज्ञानिक ने कहा कि ओडिशा से आ रही नमी की वजह से झारखंड के कम से कम 17 जिलों में बुधवार (25 सितंबर) को कहीं-कहीं भारी वर्षा होने की संभावना है. उन्होंने कहा कि झारखंड के उत्तर-पूर्वी, दक्षिण-पूर्वी और उससे सटे मध्य भागों में कहीं-कहीं भारी वर्षा होने की संभावना है. कुछ जगहों पर गरज के साथ वज्रपात होगी. कहीं-कहीं 30 से 40 किलोमीटर की रफ्तार से तेज हवाएं भी चलेंगी.

देवघर, धनबाद समेत इन जिलों में होगी भारी बारिश

उत्तर पूर्वी झारखंड में देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज जिले आते हैं. दक्षिण-पूर्वी और मध्य भाग में गिरिडीह, बोकारो, कोडरमा, हजारीबाग, रामगढ़, रांची, खूंटी, सरायकेला-खरसावां, पश्चिमी सिंहभूम और पूर्वी सिंहभूम जिले आते हैं. इन सभी जिलों में कहीं-कहीं भारी वर्षा होने की संभावना है.

पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा में हुई सबसे ज्यादा बारिश

झारखंड में पिछले 24 घंटे के मौसम की बात करें, तो सबसे ज्यादा 33.5 मिलीमीटर वर्षा पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा में हुई. सबसे अधिक उच्चतम तापमान संताल परगना के गोड्डा जिले में रिकॉर्ड किया गया. बुधवार को गोड्डा का अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री सेंटीग्रेड दर्ज किया गया.

इन 17 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

  1. साहिबगंज
  2. पाकुड़
  3. गोड्डा
  4. दुमका
  5. देवघर
  6. जामताड़ा
  7. धनबाद
  8. गिरिडीह
  9. बोकारो
  10. कोडरमा
  11. हजारीबाग
  12. रामगढ़
  13. रांची
  14. खूंटी
  15. सरायकेला-खरसावां
  16. पश्चिमी सिंहभूम
  17. पूर्वी सिंहभूम

इन 7 जिलों में नहीं होगी बारिश

  1. गढ़वा
  2. पलामू
  3. चतरा
  4. लातेहार
  5. लोहरदगा
  6. गुमला
  7. सिमडेगा

Also Read

Jharkhand Weather: 3 घंटे में 5 मौसम चेतावनी, रांची समेत झारखंड के 15 जिलों में वर्षा-वज्रपात का अलर्ट

Kal Ka Mausam: लो प्रेशर एरिया में तब्दील होंगे बंगाल की खाड़ी में सक्रिय 2 साइक्लोन, कैसा रहेगा झारखंड में कल का मौसम

Jharkhand Weather Forecast: लो प्रेशर एरिया में बदलेगा साइक्लोन, मौसम विभाग ने जारी किया भारी बारिश का येलो अलर्ट

डालटेनगंज से गुजर रहा मानसून ट्रफ, रांची-जमशेदपुर से इतना दूर डीप डिप्रेशन, जानें कैसा रहेगा आज का मौसम